शाहजहाँपुर | 24 जनवरी 2026
शासन के निर्देशानुसार दिनांक 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह के क्रम में आज उ०प्र० राज्य सड़क परिवहन निगम परिसर में बस चालकों एवं परिचालकों के साथ एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में उपस्थित अधिकारियों द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
अधिकारियों ने चालकों/परिचालकों को निर्देशित किया कि बस चलाने से पूर्व वाहन की पूर्ण जांच सुनिश्चित करें, जिसमें ब्रेक, टायर, हेडलाइट एवं अन्य महत्वपूर्ण यांत्रिक भाग सम्मिलित हों। निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सड़क की स्थिति के अनुसार वाहन चलाने, मोड़ते या लेन बदलते समय सिग्नल का प्रयोग करने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, यात्रियों को सुरक्षित रूप से बस में चढ़ाने-उतारने, वाहन की नियमित सर्विसिंग एवं मेंटेनेंस कराने, सड़क सुरक्षा नियमों जैसे सीट बेल्ट व हेलमेट के उपयोग तथा अनुशासन का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। गोष्ठी के उपरांत उपस्थित सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) श्री सर्वेश कुमार सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्री हरिओम, यात्री/माल कर अधिकारी श्री आर.पी. गौतम, यातायात उप निरीक्षक श्री विनय कुमार पाण्डेय, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी, केंद्र प्रभारी सहित परिवहन विभाग का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
इसके पश्चात परिवहन विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत कुल 55 वाहनों के विरुद्ध चालान/बंदी की कार्यवाही की गई।
0 Comments