Breaking News

शीतलहर से राहत हेतु नगर आयुक्त ने रैन बसेरों व अलावों का किया निरीक्षण


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर, 09 जनवरी 2026।

शीत लहर और बढ़ती ठंड के दृष्टिगत नगर निगम शाहजहांपुर द्वारा आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र द्वारा आज महानगर क्षेत्र के टाउन हॉल स्थित रैन बसेरा तथा नगर निगम द्वारा विभिन्न स्थलों पर लगाए गए अलावों की स्थिति का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रैन बसेरा में साफ-सफाई व्यवस्था, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था एवं वहां निवास कर रहे निराश्रित, बेसहारा एवं गरीब व्यक्तियों की सुविधा हेतु उपलब्ध रजाई, कंबल तथा हीटर आदि की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महानगर क्षेत्र में संचालित सभी रैन बसेरों में आवश्यक सुविधाएं हर हाल में सुदृढ़ एवं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें, ताकि ठंड से किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो।


इसके उपरांत नगर आयुक्त द्वारा महानगर क्षेत्र का भ्रमण कर नगर निगम द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगाए गए अलावों की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने अलाव स्थलों पर मौजूद नागरिकों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर एवं ठंड के प्रभाव से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए महानगर के प्रमुख मार्गों, चौराहों तथा अन्य आवश्यक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में अलावों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि “मेरा शहर–मेरा घर” अभियान के अंतर्गत नगर निगम का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण असुविधा का सामना न करे। नगर निगम द्वारा राहत एवं सुरक्षा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।



Post a Comment

0 Comments