स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के कुशल निर्देशन में शनिवार, 24 जनवरी 2026 को थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना खुदागंज में जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी तिलहर ने की।
जनसुनवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी ने मौके पर उपस्थित आमजन की समस्याओं और प्रार्थना-पत्रों को गंभीरता से सुना। प्राप्त शिकायतों के बिंदुवार परीक्षण हेतु संबंधित उपनिरीक्षकों एवं बीट अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं तथ्यानुसार निस्तारण किया जाए। भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, महिला संबंधी प्रकरण सहित जनसामान्य से जुड़ी सभी समस्याओं में पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना-पत्रों की नियमित समीक्षा कर निस्तारण की प्रगति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
पुलिस प्रशासन द्वारा थाना समाधान दिवस के माध्यम से आमजन की समस्याओं के शीघ्र निराकरण और पुलिस-जन सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
