ब्यूरो रिपोर्ट: सुधीर सिंह कुम्भाणी
बिसवां (सीतापुर)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने गुरुवार को बिसवां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भिठौली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह लोकतंत्र विरोधी है और किसानों से किए गए अपने वादों को भूल चुकी है।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आज हालात यह हैं कि किसान फसलों में खाद डालने के लिए मारा-मारा घूम रहा है। खाद की किल्लत के बीच जब किसान अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन्होंने इसे किसानों के सम्मान और अधिकारों पर सीधा हमला बताया।
उन्होंने कहा कि ऐसी किसान और लोकतंत्र विरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना जरूरी है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनानी होगी, तभी किसानों, मजदूरों और आम जनता को न्याय मिल सकेगा।
सभा को संबोधित करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का भी जिक्र किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि कोई भी मतदाता वोटर बनने से वंचित न रह जाए। सभी लोग मेहनत करके अपने और अपने परिवार के नाम मतदाता सूची में जरूर शामिल कराएं।
जनसभा को समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव, विधायक अनिल वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश यादव और कार्यक्रम के आयोजक अशोक यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे पूरा माहौल जोश और उत्साह से भरा नजर आया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments