Breaking News

स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में 128 समूहों को 1.28 करोड़ की सहायता

 

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 25 फरवरी 2026। अटल ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप की अध्यक्षता में 128 स्वयं सहायता समूहों को कुल 1.28 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण किया और महिलाओं से उत्पादों की गुणवत्ता, विपणन और आय के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। बीसी सखी, बैंक सखी और लखपति दीदी जैसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

सम्मेलन में 99 स्वयं सहायता समूहों को 29.70 लाख रुपये का रिवॉल्विंग फंड तथा 66 समूहों को 99 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) प्रदान की गई। इसके साथ ही 10 लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार ने बताया कि जनपद में अब तक 15,982 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया जा चुका है। इन समूहों को समय-समय पर वित्तीय सहायता एवं प्रशिक्षण प्रदान कर स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीसी सखी के माध्यम से गांवों में ही डिजिटल माध्यम से बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, वहीं विद्युत सखी, ड्रोन सखी और बैंक सखी के रूप में भी महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न विकास खंडों से करीब 550 महिला सदस्य शामिल हुईं। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, उपायुक्त स्वरोजगार यशोवर्द्धन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments