शाहजहाँपुर, 06 फरवरी 2026।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सिंचाई विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का निर्माण कर करोड़ों लोगों को राहत और सुरक्षा प्रदान की गई है। उत्तर प्रदेश में प्रतिवर्ष मानसून के दौरान नेपाल से आने वाली नदियों तथा सीमावर्ती प्रदेशों के जल प्रवाह के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे औसतन लगभग 40 जनपद संवेदनशील बने रहते हैं।
विगत वर्षों में सिंचाई विभाग ने पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध बजट प्रबंधन और गुणवत्ता-पूर्ण क्रियान्वयन के माध्यम से बाढ़ सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इसके परिणामस्वरूप बाढ़ से होने वाली क्षति को न्यूनतम स्तर तक सीमित करने में सफलता मिली है। विभाग ने सक्रिय एवं केंद्रीकृत दृष्टिकोण अपनाते हुए निर्धारित समयसीमा में बाढ़ बचाव परियोजनाओं को पूर्ण कर प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की है।
प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में अब तक कुल 1,876 बाढ़ परियोजनाओं का निर्माण किया जा चुका है, जिससे 43.25 लाख हेक्टेयर भूमि क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षा मिली है। इससे किसानों की कृषि भूमि तथा आमजन की उपयोगी भूमि सुरक्षित हुई है और खरीफ फसलों की पैदावार में वृद्धि दर्ज की जा रही है। इन प्रयासों से 357.83 लाख आबादी को बाढ़ से बचाव का लाभ प्राप्त हुआ है।
प्रदेश में छोटी गंडक एक भूजल आधारित नदी है, जो नेपाल से महाराजगंज जनपद में प्रवेश के बाद लगभग 10 किमी लंबाई में मृतप्राय हो चुकी थी। सिंचाई विभाग द्वारा सफाई एवं पुनर्जीवन कार्य कर इसे पुनः मूल स्वरूप में लाया गया। अब वर्षाकाल में जल निकासी सुचारु होने से 22 ग्रामों की 1,950 हेक्टेयर भूमि तथा लगभग 48,500 आबादी जलभराव से प्रभावित नहीं होगी।
इस पहल से जलजनित बीमारियों में कमी आई है, साथ ही नदी में जल उपलब्ध होने से मवेशियों के लिए पेयजल, फसलों की सिंचाई और पर्यावरणीय संतुलन को भी लाभ मिला है।
प्रदेश सरकार के ये प्रयास न केवल बाढ़ सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं, बल्कि कृषि उत्पादन, ग्रामीण जीवन और समग्र क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments