शाहजहाँपुर।
देश के युवाओं को केंद्रीय बजट 2026–27 पर अपनी राय सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाने का अनूठा अवसर मिलने जा रहा है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल के तहत माय भारत पोर्टल पर MY Bharat Budget Quest 2026 की शुरुआत कर दी गई है।
जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर की पहल के अंतर्गत युवाओं के लिए एक बहु-चरणीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का पहला चरण क्विज राउंड है, जिसकी शुरुआत 3 फरवरी 2026 से हो चुकी है। इस क्विज में प्रतिभागियों को केंद्रीय बजट 2026 पर आधारित 30 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इसमें भाग लेने की अंतिम तिथि 17 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
क्विज राउंड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं का चयन राज्य स्तर पर किया जाएगा। इसके पश्चात 17 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक निबंध लेखन का दूसरा चरण आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभागियों को विकसित भारत के विजन से जुड़े केंद्रीय बजट के 8 विषयों पर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत करने होंगे। निबंधों का मूल्यांकन 3 मार्च से 10 मार्च 2026 तक किया जाएगा और 10 मार्च 2026 को राज्यवार मेरिट सूची जारी की जाएगी।
चयनित राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों के विजेता युवाओं को ‘विकसित भारत बजट’ के विजन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद का अवसर मिलेगा, जहां वे अपनी सोच और सुझाव सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष रख सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के दौरान युवाओं द्वारा दिए गए सुझावों का उल्लेख स्वयं केंद्रीय वित्त मंत्री ने 1 फरवरी को अपने बजट भाषण में किया था, जिससे युवाओं की भागीदारी की महत्ता और बढ़ गई है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवा https://mybharat.gov.in/ पर पंजीकरण कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए माय भारत जिला कार्यालय, शाहजहाँपुर से संपर्क किया जा सकता है।
0 Comments