शाहजहाँपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत नो-मैपिंग कार्य में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित शिक्षा मित्रों के विरुद्ध सेवा समाप्ति नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित बैठक में 136-विधानसभा ददरौल के ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजरों एवं संबंधित कार्मिकों के साथ नो-मैपिंग वाले मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई एवं प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने तथा लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने मनोज कुमारी एवं पातीराम (दोनों शिक्षा मित्र, विकासखंड भावलखेड़ा) के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि दोनों के खिलाफ सेवा समाप्ति का नोटिस तत्काल निर्गत किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नो-मैपिंग वाले मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही सभी संबंधित कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments