स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में एक के बाद एक महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें उद्योग, व्यापार, सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक में उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। औद्योगिक क्षेत्र रौजा में जल निकासी की समस्या को अप्रैल तक समाप्त करने, ददरौल के ग्राम जमौर गौटिया की टूटी सड़क को एक माह में ठीक करने तथा बनतारा-अटसालिया के बीच प्रस्तावित विद्युत घर पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मोहम्मदी रोड पर अवैध निर्माण, फ्लाईओवर के नीचे लटके विद्युत तार और जर्जर पोल की समस्या को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। व्यापारियों की समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए राज्य कर कार्यालय में व्यवस्था सुधारने, शहर में विद्युत पोल, नाला निर्माण और पेयजल की समस्याओं को जल्द दूर करने तथा घंटाघर क्षेत्र में ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में समीक्षा के दौरान जनवरी 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में 10 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 2.77 प्रतिशत वृद्धि पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। जांच में पाया गया कि अधिकांश हादसे बिना हेलमेट दोपहिया चलाने के कारण हुए। इस पर पुलिस और परिवहन विभाग को सघन चेकिंग अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अटसालिया फाटक के चौड़ीकरण और मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश जारी किए गए।
इसके अलावा राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आईडीए अभियान की समीक्षा बैठक में 12 ब्लॉकों और नगर क्षेत्र की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। जिन ब्लॉकों की प्रगति संतोषजनक नहीं रही, उन्हें तीन दिन के भीतर सुधार करने के सख्त निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर जनहित को प्राथमिकता दें।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments