. फ़ाइल फोटो:- मृतक ललित कन्नौजिया
लखनऊ। ब्यूरो रिपोर्ट: हिमांशु यादव
लखनऊ के गौरी निवासी ललित कन्नौजिया (उम्र लगभग 30 वर्ष) की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कल दिनांक 3 फरवरी को ललित नादरगंज स्थित फैक्ट्री से काम करके स्कूटी से अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे नादरगंज क्षेत्र में सामने से आ रही वागनआर कार से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ललित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में ललित को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। ललित के परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। करीब पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। अचानक हुए इस हादसे से पत्नी और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे में शामिल कार व चालक की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
0 Comments