![]() |
| Fake registry accused arrested by Lucknow Mohanlalganj police |
ब्यूरो रिपोर्ट: रिज़वान अली, लखनऊ
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना मोहनलालगंज पुलिस ने करीब 9 बीघा कृषि भूमि की फर्जी रजिस्ट्री कर बेचने वाले मुख्य साजिशकर्ता और ₹25,000 के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके विरुद्ध न्यायालय से उद्घोषणा की कार्रवाई भी हो चुकी थी।
मामला 3 अक्टूबर 2024 को दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। वादी राजकुमार वर्मा और श्रीमती मंजू वर्मा, निवासी ठाकुरगंज लखनऊ, ने आरोप लगाया कि ग्राम भदेसुवा (निगोहा), तहसील मोहनलालगंज स्थित खसरा संख्या 1823क, 1822, 1855 एवं 1821 क की कुल लगभग 9 बीघा कृषि भूमि के वे वैध संयुक्त स्वामी हैं। यह भूमि उन्होंने पंजीकृत विक्रय विलेख से क्रय की थी और राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज हैं।
एफआईआर के अनुसार अभियुक्तों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर वादियों के स्थान पर फर्जी व्यक्तियों को खड़ा किया तथा कूटरचित आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्रों के आधार पर 9 नवंबर 2022 को उपनिबंधक कार्यालय मोहनलालगंज में फर्जी रजिस्ट्री कराई। इसके बाद 25 सितंबर 2023 को वादी की पत्नी के स्थान पर दूसरी महिला को प्रस्तुत कर दोबारा फर्जी विक्रय विलेख निष्पादित कराया गया, जिसमें अमरीश तिवारी सहित अन्य को क्रेता दर्शाया गया। आरोप है कि इन फर्जी बैनामों के आधार पर राजस्व अभिलेखों में नामांतरण कर अवैध कब्जे की कोशिश भी की गई तथा आगे विक्रय के लिए एग्रीमेंट टू सेल भी किया गया।
वादी पक्ष का कहना है कि उन्होंने भूमि किसी को न बेची है और न ही कोई धनराशि प्राप्त की है। पुलिस ने प्रकरण में मु0अ0सं0 458/2024 धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया।
विवेचना के दौरान अमरीश तिवारी पुत्र रामस्वरूप निवासी भिखारीखेड़ा, जनपद बाराबंकी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध पूर्व में धारा 82 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई हो चुकी थी और उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था। तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
अमरीश तिवारी (उम्र लगभग 39 वर्ष), निवासी भिखारीखेड़ा पोस्ट पोखरा थाना हैदरगढ़ जनपद बाराबंकी, वर्तमान पता सैनिक नगर आलमबाग थाना कृष्णानगर लखनऊ।
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, कांस्टेबल राहुल कुमार, कांस्टेबल अरुण कुमार यादव (थाना मोहनलालगंज)।
Lucknow fake registry case, land fraud Mohanlalganj, UP police arrest news
0 Comments