Breaking News

भाई को बहन से मिलने से रोका: स्कूल गेट पर भावुक दृश्य, अभिभावकों में नाराज़गी

 

ब्यूरो रिपोर्ट: हिमांशु यादव ✍️

राजधानी लखनऊ के थाना पारा क्षेत्र स्थित एसबीएन इंटर कॉलेज, नरपत खेड़ा में आयोजित एक स्कूल कार्यक्रम के दौरान प्रवेश को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय प्रशासन ने छात्रा के भाई को स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया, जिससे गेट के बाहर भावुक माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार छात्रा नेहा यादव (कक्षा 12) स्कूल के कार्यक्रम में मौजूद थीं। परिजनों के मुताबिक माता-पिता के कार्यक्रम में शामिल न हो पाने पर छात्रा के भाई दीपक यादव अपनी पत्नी और बड़ी बहन के साथ स्कूल पहुंचे थे। आरोप है कि विद्यालय प्रशासन ने पत्नी और बहन को अंदर जाने की अनुमति दे दी, लेकिन भाई को यह कहकर रोक दिया गया कि “माता-पिता के अलावा किसी और को मिलने की अनुमति नहीं है।”

परिजनों का कहना है कि छात्रा अंदर खड़ी रोती रही, जबकि भाई को गेट के बाहर खड़ा रखा गया और बात तक नहीं करने दी गई। बताया गया कि इसी तरह कई अन्य अभिभावक या परिजन भी गेट पर रोके गए, जिससे लोगों में नाराज़गी देखी गई।

घटना को लेकर परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और स्पष्ट नियम सार्वजनिक करने की मांग की है। वहीं, विद्यालय पक्ष से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

Post a Comment

0 Comments