Breaking News

सड़कें विकास की रीढ़, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निर्माण सर्वोच्च प्राथमिकता हो: मुख्यमंत्री योगी


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क निधि प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सड़कें राज्य के आर्थिक विकास, निवेश आकर्षण, औद्योगिक विस्तार और आमजन की सुविधाओं का आधार हैं, इसलिए सभी संबंधित विभाग समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

मुख्यमंत्री जी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुराने एवं लंबित कार्य किसी भी स्थिति में शेष न रहें। वर्ष 2025–26 की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष अप्रैल माह के अंत तक वार्षिक कार्ययोजना को स्वीकृत कर लिया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।

बैठक में मुख्यमंत्री जी ने सड़क निर्माण में नई, आधुनिक एवं टिकाऊ तकनीकों को अपनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि कम लागत में अधिक टिकाऊ और दीर्घकालिक उपयोग वाली तकनीकों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे सार्वजनिक धन का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित हो सके।

सड़क सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री जी ने ओवरलोड ट्रक एवं डंपरों के संचालन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही भारी वाहनों के चालकों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित बनेगी।

मुख्यमंत्री जी ने यह भी निर्देशित किया कि राज्य सड़क निधि प्रबंधन समिति की बैठक वर्ष में कम से कम दो बार अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए तथा कार्ययोजनाएं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर तैयार की जाएं, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क विकास सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में सड़क सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था, मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता तथा निर्माण मानकों के कड़ाई से अनुपालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इन प्रयासों से प्रदेश की सड़क अवसंरचना को नई गति मिलेगी और उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ेगा।

Post a Comment

0 Comments