शाहजहाँपुर।
माघ मेला के पावन अवसर पर पूर्णिमा तिथि के दिन विकास खण्ड मिर्जापुर स्थित ढाई घाट पर मां गंगा की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। यह आयोजन नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत जिला गंगा समिति एवं जिला पंचायत शाहजहाँपुर के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता यादव द्वारा स्वामी गंगा प्रसाद औदिच्य के नेतृत्व में वैदिक श्लोकों एवं मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा के विधिवत पूजन से किया गया। पूजन उपरांत परमार्थ निकेतन से प्रशिक्षित आशीष मिश्रा एवं स्वामी अरविन्दाचार्य जी के नेतृत्व में अतिथियों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां गंगा की सामूहिक आरती की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थित जनसमूह को मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया एवं जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने मुख्य अतिथि को मां गंगा का चित्र भेंट कर आभार व्यक्त किया।
माघ मेला के सफल आयोजन में पूर्ण माह योगदान देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित किए गए लोगों में अपर मुख्य अधिकारी महावीर सिंह, सहायक राजस्व निरीक्षक विनोद गुप्ता, पंकज गुप्ता, स्वाति, दुर्गेजी, प्रदीप मिश्रा, प्रचारक रामसिंह, मुकेश सिंह परिहार, आशीष मिश्रा, रजनीश, धीरेन्द्र एवं अंशुल दीक्षित शामिल रहे।
कार्यक्रम में गंगा समग्र, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मेरा युवा भारत के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धा, आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया।
0 Comments