Breaking News

महिला थाना शाहजहाँपुर का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर: महिला थाना शाहजहाँपुर में दिनांक 14 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक द्वारा वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर भी उपस्थित रहे। निरीक्षण की शुरुआत महिला थाना पुलिस द्वारा औपचारिक सलामी देकर की गई।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का गहन एवं सूक्ष्म अवलोकन किया गया। थाना कार्यालय की कार्यप्रणाली, अपराध एवं सामान्य अभिलेखों की अद्यतन स्थिति, लंबित एवं प्रचलित विवेचनाओं की प्रगति, मालखाना, शस्त्रागार, महिला हवालात, साफ-सफाई व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरक, मेस, आवासीय परिसर तथा जनसुनवाई कक्ष का विस्तार से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं नियमित अद्यतन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा गया कि सभी प्रकरणों की जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से की जाए।

महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिकायतों की समयबद्ध सुनवाई एवं पीड़ितों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया।

इसके साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित मामलों में तत्परता से कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को आवश्यक विधिक एवं मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में साफ-सफाई, अनुशासन एवं कार्यकुशलता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि जनसामान्य के प्रति पुलिस का व्यवहार सदैव शालीन एवं सहयोगात्मक होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनविश्वास की स्थापना ही प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है।

निरीक्षण के दौरान महिला थाना के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments