ब्यूरो रिपोर्ट: सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर
सीतापुर — विकास खण्ड सकरन की ग्राम पंचायत पतरासा में मनरेगा कार्यों के भुगतान को लेकर तकनीकी सहायक (टीए) पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्राम प्रधान विनोद कुमार ने आरोप लगाया है कि एमवी (मेजरमेंट वेरिफिकेशन) करने के बदले तकनीकी सहायक छैल बिहारी द्वारा एक लाख रुपये से अधिक की धनराशि की मांग की गई। इस मामले से जुड़े ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट और कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रकरण चर्चा में आ गया है।
प्रधान के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024–25 में मनरेगा के तहत जगजीवन के खेत से पटवारी के खेत तक 400 मीटर तथा मुरली के खेत से बॉर्डर तक 300 मीटर चकमार्ग निर्माण का कार्य कराया गया था। आरोप है कि भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए तकनीकी सहायक ने 1 लाख 20 हजार रुपये की मांग की। प्रधान का कहना है कि उन्होंने 65 हजार रुपये नकद तथा 46 हजार 500 रुपये फोनपे के माध्यम से विभिन्न तिथियों पर ऑनलाइन स्थानांतरित किए। प्रधान के मुताबिक कुल 1 लाख 10 हजार 500 रुपये दिए जाने के बावजूद शेष 8,500 रुपये न दे पाने पर तकनीकी सहायक ने एमवी कम कर दी, जिससे भुगतान आंशिक रूप से रुक गया और मजदूरों को पूरी मजदूरी नहीं मिल सकी।
प्रधान विनोद कुमार ने बताया कि भुगतान न होने से परेशान होकर उन्होंने तकनीकी सहायक को दिए गए पैसों के स्क्रीनशॉट और कथित रूप से पैसे की मांग से संबंधित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत जिलाधिकारी को दी जाएगी।
वहीं तकनीकी सहायक छैल बिहारी ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि प्रधान ने उनसे डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे और वही राशि ऑनलाइन वापस की गई है।
खंड विकास अधिकारी श्रीश कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पृष्ठभूमि
स्थानीय सूत्रों के अनुसार तकनीकी सहायक छैल बिहारी का नाम पूर्व में भी विवादों से जुड़ता रहा है। वर्ष 2023–24 में कथित अनियमितताओं के चलते तत्कालीन जिला समन्वयक मनरेगा द्वारा उनका अटैचमेंट जिला मुख्यालय पर किया गया था, बाद में उनकी पुनः सकरन ब्लॉक में तैनाती हो गई। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
चित्र परिचय:
सोशल मीडिया पर वायरल किए गए ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट तथा कथित बातचीत का ऑडियो।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments