Breaking News

होली को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, होलिका दहन पर सख्त दिशा-निर्देश जारी

 

ब्यूरो रिपोर्ट कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️

लखनऊ। राजधानी में आगामी होलिका दहन एवं होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जोन-पश्चिमी पुलिस ने तैयारियों को तेज करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश जारी किए हैं।

पुलिस उपायुक्त पश्चिमी ने अपर पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त के साथ थाना पारा, अमीनाबाद और कैसरबाग क्षेत्र में होलिका दहन समितियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि होलिका दहन केवल निर्धारित स्थान और समय पर ही किया जाएगा तथा किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही सभी स्थलों पर अग्निशमन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को बाधित न होने देने तथा डीजे और लाउडस्पीकर का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दी जाए। इसके अतिरिक्त, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और गश्त बढ़ाने का आश्वासन भी दिया गया है।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि त्योहार के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित थाने या डायल 112 पर संपर्क करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments