शाहजहांपुर, 09 फरवरी 2026। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ नगर क्षेत्र में निकलने वाले बड़े लाट साहब जुलूस के मार्ग का पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शहर कोतवाली से चार खंभा चौराहा होते हुए केरूगंज चौराहा तक जुलूस मार्ग का पैदल मार्च कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस अवसर पर नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पर्वेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, संबंधित क्षेत्राधिकारी, जुलूस आयोजकगण तथा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने जुलूस मार्ग पर विद्युत संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ढीले व लटके तारों को तत्काल ठीक कराने, ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित रूप से ढकने, मार्ग में अवरोध उत्पन्न करने वाली अस्थायी एवं स्थायी बाधाओं को हटाने तथा सड़क पर मौजूद गड्ढों को भरने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था, सुचारु यातायात प्रबंधन तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों एवं जुलूस आयोजकों से संवाद कर शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी त्योहार सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments