विशेष संवाददाता, लखनऊ
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के मध्य जोन अंतर्गत थाना हजरतगंज में सोशल मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित विवादित वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ (Ghoooskhor Pandat) के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई समाज में सौहार्द बनाए रखने तथा धार्मिक एवं जातिगत भावनाओं को आहत करने वाले प्रयासों पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हजरतगंज विक्रम सिंह ने संज्ञान लिया कि उक्त वेब सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर प्रसारित की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि वेब सीरीज का शीर्षक एक विशेष समुदाय को लक्षित कर अपमानित करने वाला है, जिससे सामाजिक असंतोष की स्थिति उत्पन्न हुई है।
पुलिस के मुताबिक, फिल्म के नाम और कथित सामग्री को लेकर ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में रोष व्याप्त है तथा विरोध प्रदर्शन की चेतावनियां भी सामने आई हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी सामग्री से सामाजिक वैमनस्यता फैलने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
संवेदनशीलता को देखते हुए थाना हजरतगंज पुलिस ने फिल्म के डायरेक्टर एवं संबंधित टीम के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई और विवेचना प्रचलित है।
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करने अथवा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments