Breaking News

प्रदेश में रोजगार से जुड़ा औद्योगिक विकास: सभी जनपदों में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ हेतु भूमि चिह्नित करने के निर्देश


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

लखनऊ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को रोजगार सृजन से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर घोषित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जनपदों में इस योजना के लिए उपयुक्त भूमि तत्काल चिह्नित करने को कहा है।

आज लखनऊ में आयोजित एक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नीति का उद्देश्य ऐसा सक्षम और समन्वित औद्योगिक वातावरण तैयार करना है, जहां युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि इस महत्वाकांक्षी योजना को स्थानीय आवश्यकताओं एवं क्षेत्रीय संभावनाओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक जनपद में न्यूनतम 50 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इन औद्योगिक जोन में प्लग-एंड-प्ले यूनिट, फ्लैटेड फैक्ट्री, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग लैब, डिजाइन एवं डिस्प्ले सेंटर, टूल रूम, तथा ईटीपी/सीईटीपी जैसी आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही एमएसएमई, सेवा क्षेत्र और नवाचार आधारित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा।

इन औद्योगिक जोन में प्रस्तावित एम्प्लॉयमेंट एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर के माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, उद्यमिता मार्गदर्शन, मेंटरिंग, ऋण योजनाओं की जानकारी, इंटर्नशिप एवं अप्रेंटिसशिप की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना को समयबद्ध और चरणबद्ध रूप से लागू करते हुए प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का प्रभावी मॉडल बनाया जाए, जिससे उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों की श्रेणी में और सुदृढ़ रूप से स्थापित हो सके।



Post a Comment

0 Comments