Breaking News

खुदागंज में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 09 फ़रवरी 2026।

जनपद शाहजहाँपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण  ने क्षेत्राधिकारी तिलहर एवं थाना खुदागंज पुलिस बल के साथ थाना खुदागंज क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त की। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में की गई।

पैदल गश्त के दौरान मुख्य बाजारों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, व्यस्त मार्गों, बैंक-एटीएम परिसरों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों का गहन निरीक्षण किया गया। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में सतत पैदल गश्त और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग प्रभावी रूप से संचालित की जाए। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई समय रहते सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए।

आगामी त्योहारों और आयोजनों को ध्यान में रखते हुए बीट स्तर पर पुलिस सक्रियता बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा स्थानीय नागरिकों व व्यापारियों से निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

गश्त के दौरान व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें सतर्क रहने, पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने की अपील की गई।



Post a Comment

0 Comments