शाहजहाँपुर। दिनांक 07 फरवरी 2026 को विकास भवन सभागार में नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक की अध्यक्षता महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा ने की।
बैठक में महापौर, लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद, विधायक ददरौल, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष, कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी, पार्षदगण तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की। महानगर के चहुंमुखी विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रारंभिक अवशेष 5000 लाख रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित आय 42586.91 लाख रुपये एवं अनुमानित व्यय 41575.25 लाख रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
पार्षदों द्वारा अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों को गति देने, सड़कों के निर्माण, प्रकाश एवं जलापूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने, स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने, आबादी के अनुसार कर्मचारियों की नियुक्ति तथा यातायात सुगम बनाने हेतु अतिक्रमण हटाने संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर महापौर ने सहमति व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि महानगर के वार्डों में जनसंख्या एवं क्षेत्रफल के अनुरूप कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि सफाई व्यवस्था व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके। साथ ही सड़कों के किनारे, फुटपाथों तथा नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने हेतु प्रभावी कार्रवाई करने पर बल दिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य महानगर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
लखनऊ
0 Comments