ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा, लखनऊ
लखनऊ, 25 मार्च 2026: सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। “विकसित सरोजनीनगर अभियान” के अंतर्गत एलडीए द्वारा आयोजित संवाद, शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह में क्षेत्र में हुए व्यापक विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अवध इंडोर स्पोर्ट्स एंड रिसोर्ट सेंटर, शक्ति चौराहा (एलडीए कॉलोनी) में किया गया।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में पिछले चार वर्षों में सरोजनीनगर में अभूतपूर्व विकास कार्यों को गति मिली है। कुल 297 परियोजनाओं के अंतर्गत 124 कार्यों का लोकार्पण और 171 कार्यों का शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं पर कुल ₹1991.11 करोड़ की लागत आई है, जिससे क्षेत्र को आधुनिक, सुव्यवस्थित और आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
यह विकास केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा लाभ आम नागरिकों के जीवन में देखने को मिल रहा है। बेहतर सड़कें, सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और सुरक्षित आवास जैसी व्यवस्थाएं सरोजनीनगर को नई पहचान दे रही हैं।
विकास के प्रमुख आयामों में ओपन एयर जिम, पार्क, ग्रीन बेल्ट, सड़क निर्माण, झील विकास, सोलर पार्क, ईवी चार्जिंग स्टेशन, सामुदायिक केंद्र, विद्यालय कायाकल्प और आवासीय योजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री आवास परिसरों के निर्माण पर सर्वाधिक ₹1631 करोड़ व्यय किए गए हैं, जिससे हजारों परिवारों को आवासीय सुविधा मिली है।
इसके अलावा 39 सड़कों का निर्माण एवं विस्तार, 6 नालों का निर्माण, 12 पार्कों का विकास, फ्लावर वैली और फूड कोर्ट जैसी परियोजनाएं क्षेत्र को न केवल आधुनिक बना रही हैं, बल्कि पर्यटन और रोजगार के अवसर भी बढ़ा रही हैं। पर्यावरण संरक्षण के तहत ग्रीन बेल्ट, वाटर हार्वेस्टिंग और कम्युनिटी सोलर पार्क जैसी पहलें भी तेजी से लागू की जा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर का विकास केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का एक सतत प्रयास है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण और मजबूत आधारभूत संरचना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के साथ सेवा, संवाद और समाधान की यह यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है।
विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में सरोजनीनगर का यह विकास लखनऊ को “नए उत्तर प्रदेश” के सशक्त मॉडल के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
0 Comments