शाहजहाँपुर, 17 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ द्वारा हज-2026 को लेकर यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रोहित कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ये निर्देश हज यात्रियों की सुविधा और जागरूकता के उद्देश्य से जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार इस वर्ष हज यात्रियों की निर्धारित धनराशि में कैटरिंग शुल्क शामिल नहीं होगा। यात्रियों को भोजन व्यवस्था के लिए अलग से भुगतान करना होगा। साथ ही, पूर्व वर्षों की तरह भवनों में स्वयं किचन की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है और इस बार कैटरिंग की कॉमन व्यवस्था लागू की जाएगी।
हज यात्रा के दौरान प्रत्येक यात्री को एक स्मार्ट वॉच उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें यात्रा से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध होगी। यह स्मार्ट वॉच भारत में कार्य नहीं करेगी, लेकिन सऊदी अरब पहुंचने पर स्वतः सक्रिय हो जाएगी। इसके अलावा यात्रियों को यात्रा से संबंधित मोबाइल एप डाउनलोड कर सक्रिय रखना अनिवार्य होगा।
सभी हज यात्रियों के लिए अपना मोबाइल नंबर सक्रिय रखना आवश्यक किया गया है। जिन यात्रियों ने आवेदन के दौरान किसी अन्य का नंबर दिया है, उन्हें तत्काल अपना व्यक्तिगत नंबर अपडेट कराने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा सूचना न मिलने पर होने वाली असुविधा के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।
यात्रियों को अपने पासपोर्ट, वीजा और अन्य आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही उड़ान तिथि से दो दिन पहले निर्धारित स्थल पर बुकिंग कन्फर्म करना अनिवार्य होगा, जबकि उड़ान से 24 घंटे पूर्व यात्री को स्वयं उपस्थित होकर संबंधित प्रपत्र प्राप्त करने होंगे।
हज समिति ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए वे संबंधित हज सुविधा केंद्र या जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय से संपर्क करें।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
लखनऊ
0 Comments