ब्यूरो रिपोर्ट: कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन के थाना मोहनलालगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से चोरी की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को शिकायतकर्ता अभिनंदन द्वारा सूचना दी गई थी कि उनकी मोटरसाइकिल कालेवीर बाबा मंदिर परिसर से चोरी हो गई है। इस सूचना पर थाना मोहनलालगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 25 मार्च 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर अतरौली मोड़ के पास से अभियुक्त राकेश दूबे उर्फ कुलदीप दूबे (उम्र लगभग 31 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह शराब का आदी है और पैसों की कमी के चलते चोरी की वारदात को अंजाम देता था। उसने बताया कि वह मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर बिना लॉक तोड़े मोटरसाइकिल चोरी करता था और उसे बेचकर खर्च चलाने की योजना थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा हो सका। फिलहाल अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
0 Comments