Breaking News

उन्नाव में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दंपति की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 

मृतक हीरालाल व रूपरानी 

ब्यूरो रिपोर्ट :- राहुल कुमार 

उन्नाव। उन्नाव जनपद के कोतवाली हसनगंज क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही मोटरसाइकिल की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ जनपद के काकोरी थाना क्षेत्र के बदबदा खेड़ा मजरा दोना निवासी हीरालाल (52 वर्ष) पुत्र कुशेहर अपनी पत्नी रूपरानी (48 वर्ष) के साथ 4 मार्च 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे मोटरसाइकिल (UP32 GR 6471) से अपनी बेटी खुशबू के ससुराल ऊंचद्वार जा रहे थे। इसी दौरान हसनगंज थाना क्षेत्र में महाराजगंज के आगे नहर के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि हीरालाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रूपरानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल रूपरानी को हसनगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान रूपरानी ने भी दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। मौके पर मिली मोटरसाइकिल टीवीएस राइडर बताई जा रही है, जिस पर कोई नंबर अंकित नहीं है। पुलिस ने जांच के दौरान बाइक का चेसिस नंबर MD625AF9352N24281 बरामद किया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

इस हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार बाइक सवारों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है।


Post a Comment

0 Comments