Breaking News

मुठभेड़ में शातिर लुटेरा घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार — लूटा गया मोबाइल व अवैध असलहा बरामद

ब्यूरो रिपोर्ट अमन कुमार, लखनऊ ✍️

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना पीजीआई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है, जो मोबाइल झपटमारी की घटनाओं में सक्रिय था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 22 मार्च 2026 को रात करीब 11:45 बजे थाना पीजीआई क्षेत्र में मोबाइल झपटमारी की घटना सामने आई थी। पीड़िता प्रीती सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए टीमों का गठन कर सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही थी।

इसी क्रम में 21 मार्च को वृंदावन योजना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध असलहे के साथ नहर पुलिया की ओर आने वाला है। पुलिस ने बरौली पुलिया के पास घेराबंदी की। संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर (25 वर्ष) निवासी किला मोहम्मदीनगर, थाना आशियाना, लखनऊ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी, सेंधमारी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास स्पष्ट होता है।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक रियलमी मोबाइल (लूटा गया), एक अन्य मोबाइल, बिना नंबर प्लेट की पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा ₹1165 नकद बरामद किए हैं।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह ऐशो-आराम और आर्थिक लाभ के लिए सुनसान स्थानों पर राहगीरों को निशाना बनाकर झपटमारी करता था और तेजी से फरार हो जाता था।

थाना पीजीआई पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण हेतु लगातार सघन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments