Breaking News

थाना समाधान दिवस पर रामचन्द्र मिशन में जनसुनवाई, एसपी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर | 28 मार्च 2026

जनपद शाहजहाँपुर में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना रामचन्द्र मिशन में जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक नगर के साथ उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर सुना गया। प्रत्येक प्रकरण का अवलोकन करते हुए उनके निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा हर मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और मानवीय संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया, जिससे आमजन का विश्वास पुलिस प्रशासन के प्रति और अधिक मजबूत हो सके।

महिला संबंधी मामलों को प्राथमिकता देने, पीड़िताओं के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करने तथा भूमि एवं पारिवारिक विवादों में मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने अनावश्यक विलंब से बचते हुए सभी शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक रामचन्द्र मिशन सहित थाना पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments