ब्यूरो चीफ शास्त्र तिवारी बहराइच ✍️
बहराइच। थाना रूपईडीहा क्षेत्र के बसन्तपुर रूदल (रामगांव) में जमीन के पैसों को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने सोमवार को खौफनाक रूप ले लिया। छोटे बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने माता-पिता, दादी और बहन की हत्या कर दी, जबकि बड़े भाई को भी जान से मारने की नीयत से गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा को दी गई तहरीर में गुरूदेव पुत्र बदलू वर्मा ने बताया कि 01/02 मार्च की रात करीब 12 बजे शोर सुनकर बाहर निकले तो देखा कि उनका छोटा भाई निरंकार पिता द्वारा बेची गई जमीन व गहनों का पैसा न मिलने से नाराज होकर कुल्हाड़ी से हमला कर रहा था। बीच-बचाव करने पर उसने गुरूदेव के सिर पर भी वार कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने खुद को भी ईंट से मारकर घायल कर लिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 41/2026 धारा 103(1)/109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। उसे जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायल वादी का इलाज सीएचसी चरदा में चल रहा है।
घटना में बदलू राम (60), उनकी पत्नी संजू देवी (56), पुत्री पार्वती (लगभग 42) तथा सिताला देवी (80) की मौत हो गई। पुलिस ने चारों शवों का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक सहित फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में जमीन के पैसों को लेकर हुए तात्कालिक विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। गांव में शांति व्यवस्था सामान्य बताई गई है तथा मामले की गहन विवेचना जारी है।
0 Comments