तहसील बलरामपुर में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ आयोजित, डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। Balrampur की तहसील बलरामपुर में जिलाधिकारी Vipin Kumar Jain की अध्यक्षता में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक Vikas Kumar भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का समाधान तय समय में और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप किया जाए।

भूमि विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने और विवादों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे गांवों को चिन्हित करने के लिए कहा, जहां भूमि विवाद के मामले अधिक हैं। इन गांवों में राजस्व और पुलिस विभाग द्वारा विशेष चौपाल आयोजित कर मौके पर ही मामलों का निपटारा करने के निर्देश भी दिए गए।

समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देशित किया गया कि वे स्वयं स्थल निरीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में एसडीएम बलरामपुर, सीओ सिटी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post