स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर, 10 मार्च। थाना कोतवाली पुलिस ने युवती की हत्या से जुड़े मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जिला अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को न्यू चर्च कॉलोनी निवासी संजीव कुमार ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि नई बस्ती रेती निवासी मनमोहन पाण्डेय उर्फ सोनू उनकी छोटी बहन आरती के दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने आरती के परिचित ब्रजदीप पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया और आरती पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान आरती की मृत्यु हो गई। इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 65/26 धारा 352/105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना के बाद आरोपी भी घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती था। मंगलवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस टीम ने आरोपी मनमोहन पाण्डेय उर्फ सोनू (35) निवासी नई बस्ती रेती, थाना रामचन्द्र मिशन को दोपहर करीब 2:05 बजे जिला अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कार्यपालक थानाध्यक्ष संजीव कुमार, उपनिरीक्षक गोविन्द सिंह और हेड कांस्टेबल महेशपाल सिंह शामिल रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments