ब्यूरो चीफ शास्त्र तिवारी, बहराइच ✍️
बहराइच। बहराइच जिले में एक राजनीतिक संगठन के भीतर पद वितरण को लेकर असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। लंबे समय से सक्रिय वरिष्ठ कार्यकर्ता धनलाल पाण्डेय ने जिला अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी व्यक्त की है और कार्यसमिति में शामिल न किए जाने पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
धनलाल पाण्डेय ने कहा कि वह वर्षों से संगठन के समर्पित सदस्य रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें नजरअंदाज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों का संगठन में कोई विशेष योगदान नहीं रहा, उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
अपने पत्र में उन्होंने जिला अध्यक्ष से मांग की है कि एक खुली बैठक बुलाकर पदाधिकारियों की सूची और चयन प्रक्रिया को सार्वजनिक किया जाए, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो यह संदेश जाएगा कि संगठन में मेहनत के बजाय “गणेश परिक्रमा” ही पद प्राप्त करने का आधार बन गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब कई लोग अन्य दलों के लिए कार्य कर रहे थे, उस समय वह प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने में जुटे रहे।
करीब 40 वर्षों से संगठन से जुड़े इस वरिष्ठ कार्यकर्ता की नाराजगी ने आंतरिक खींचतान को उजागर कर दिया है और पद वितरण की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
0 Comments