Breaking News

फर्जी पैरामेडिकल कॉलेज चलाकर छात्रों से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 27 मार्च 2026। जनपद शाहजहाँपुर के थाना पुवायाँ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने फर्जी पैरामेडिकल कॉलेज संचालित कर छात्रों को कूटरचित अंकतालिकाएँ देने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के पर्यवेक्षण में की गई।

मामले के अनुसार, 13 दिसंबर 2024 को कमलदीप शुक्ला की शिकायत पर थाना पुवायाँ में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि अभियुक्तों द्वारा फर्जी पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज के नाम पर धोखाधड़ी कर छात्रों के फर्जी एडमिशन कराए गए और उन्हें नकली अंकतालिकाएँ प्रदान की गईं। जांच के दौरान मामले में गंभीर धाराएं—420, 467, 468, 471 व 120बी भादवि—भी बढ़ाई गईं।

पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी बी.के. सिंह उर्फ बालकिशोर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी क्रम में 26 मार्च 2026 को पुलिस ने दूसरे वांछित आरोपी संतोष पाठक को मुखबिर की सूचना पर डीपीएस स्कूल पुवायाँ के पास से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के फर्जी शैक्षणिक संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Post a Comment

0 Comments