स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
Shahjahanpur। थाना कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में वांछित एवं जिला बदर घोषित शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुमित गुप्ता उर्फ शादी लाल (उम्र करीब 32 वर्ष), निवासी मोहल्ला हुण्डाल खेल, थाना कोतवाली के रूप में हुई है। उसे मिलेनियम स्कूल के पास, बरेली-सीतापुर हाईवे, मौजमपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ पीड़िता को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और रंगदारी मांगने का मामला दर्ज था। विवेचना के दौरान मामले में संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई थीं।
गौरतलब है कि अभियुक्त को पूर्व में न्यायालय के आदेश पर 6 माह के लिए जिला बदर किया गया था, जिसका उल्लंघन करने पर उसके विरुद्ध एक और मामला दर्ज किया गया।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है, जिसमें मारपीट, धोखाधड़ी, धमकी, आईटी एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 Comments