Breaking News

उ0प्र0 माटीकला बोर्ड द्वारा माटीकला कारीगरों एवं शिल्पियों को आधुनिक तकनीक से माटीकला उत्पाद बनाने हेतु निःशुल्क 15 दिवसीय आवासीय शिल्पकारी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा

 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहांपुर। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री शिशुपाल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा विगत वर्षों की भांति वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत माटीकला एवं माटी शिल्पकला को बढ़ावा देने हेतु माटीकला समन्वित विकास कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क 15 दिवसीय आवासीय शिल्पकारी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र, उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, पिपरौला, जनपद शाहजहांपुर में आयोजित किया जाएगा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षणार्थियों को माटीकला से संबंधित दैनिक उपयोग की वस्तुएं बनाना, सजावटी वस्तुएं तैयार करना, खिलौने एवं मूर्तियां बनाना, मिट्टी के उत्पादों पर कटिंग, पच्चीकारी, चित्रकारी, नक्काशी आदि विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही बैंकों से ऋण प्राप्त कर इकाइयां स्थापित करने हेतु विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

उक्त 15 दिवसीय शिल्पकारी प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक नवयुवक एवं युवतियां अपना ऑनलाइन आवेदन https://upmatikalaboard.in/ पर कर सकते हैं। प्राप्त आवेदन पत्रों का चयन विभाग/शासन द्वारा गठित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा। चयनित आवेदकों को 15 दिन का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षण स्थल पर भोजन आदि की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। साथ ही शिक्षण सत्र के समापन उपरांत छात्रवृत्ति धनराशि भी प्रशिक्षार्थी के बैंक खाते में आरटीजीएस/एनईएफटी के माध्यम से स्थानांतरित की जाएगी।

इच्छुक आवेदक दिनांक 15 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ फोटो, आधार कार्ड, योग्यता प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा जाति प्रमाण पत्र की प्रति संलग्न करना अनिवार्य है।

आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी हो, उसकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो, वह माटीकला की जानकारी रखता हो तथा उसका साक्षर होना आवश्यक है। राशन कार्ड के आधार पर एक परिवार से एक सदस्य का ही चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में दिव्यांगजन, बीपीएल परिवार के सदस्य तथा महिलाओं को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments