स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर, 05 अप्रैल।
उप कृषि निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया है कि उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश संख्या /2026/363/12-5099/23/2023 दिनांक 05.04.2026 के द्वारा ऐग्रीस्टैक (डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर फॉर एग्रीकल्चर) के अन्तर्गत जनपद शाहजहाँपुर में कृषकों के हित में दिनांक 06 से 15 अप्रैल 2026 के मध्य फार्मर रजिस्ट्री अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य जनपद के अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करना है, जिससे वे शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सरल एवं पारदर्शी रूप से प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है कि इस अभियान को जनपद के प्रत्येक विकासखण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए। इस कार्य में कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग संयुक्त रूप से समन्वय स्थापित करते हुए कृषकों को जागरूक करने एवं पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
अभियान के अन्तर्गत संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं, ताकि निर्धारित समयावधि में अधिकतम किसानों का फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण पूर्ण किया जा सके। ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार, शिविरों का आयोजन तथा कृषकों को व्यक्तिगत रूप से प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा यह भी अपील की गई है कि किसान भाई-बहन इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपना फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण शीघ्र कराएं। इससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा, कृषि सब्सिडी, अनाज विक्रय सुविधा एवं किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ सीधे खाते में समयबद्ध एवं सुगमता से प्राप्त हो सकेगा।
जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं सम्बन्धित विभागीय अधिकारीगण को निर्देशित किया गया है कि वे इस अभियान को मिशन मोड में संचालित कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
0 Comments