स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर, 13 अप्रैल। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत जनपद में मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) धर्मेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा जारी संशोधित सार्वजनिक सूचना के अनुसार अब नई समय सारिणी लागू कर दी गई है।
जारी निर्देशों के अनुसार मतदाता सूचियों के कम्प्यूटरीकरण, मतदान केन्द्रों के क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन तथा सूची डाउनलोडिंग आदि कार्य 17 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक किए जाएंगे। इसके बाद 22 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय समाचार पत्रों एवं संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्टों के माध्यम से किया जाएगा, ताकि आमजन को पूरी जानकारी मिल सके।
इसके साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में समय सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी।
इस संशोधन के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
