स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर, 16 अप्रैल 2026।
जनपद के नगर एवं सदर सर्किल क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर मानक से अधिक लगे लाउडस्पीकरों के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 239 धार्मिक स्थलों की जांच की गई, जिनमें से 40 लाउडस्पीकरों को हटवाया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर/सदर के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया गया तथा उच्चतम न्यायालय एवं शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया।
मानक से अधिक पाए गए लाउडस्पीकरों को संबंधित प्रबंधकों से समन्वय स्थापित कर स्वेच्छा से उतरवाया गया। साथ ही उन्हें ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी धार्मिक स्थलों पर शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्थानीय नागरिकों द्वारा भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया, जिससे अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, जिससे जनपद में शांति एवं सौहार्द बना रहे।
जनपद में मानक से अधिक लगे लाउडस्पीकरों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
