Breaking News

प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी, 28 अप्रैल से बारिश के आसार

 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

लखनऊ, 27 अप्रैल। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल तक प्रदेशवासियों को तेज गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। लोगों को अभी कुछ दिन और तपिश का सामना करना पड़ेगा।

राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। विशेष रूप से प्रयागराज, मेरठ, आगरा और बरेली में लू का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है।

सबसे अधिक तापमान बांदा जिले में दर्ज किया गया, जहां पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके साथ ही बांदा देश का सबसे गर्म जिला बन गया। वहीं प्रयागराज और वाराणसी क्रमशः चौथे और पांचवें सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे।

मौसम विभाग ने बताया कि 28 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बन रही है। इसकी मुख्य वजह सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ माना जा रहा है। यदि बारिश होती है तो तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। प्रशासन भी हीट वेव को देखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर चुका है।

Post a Comment

0 Comments