Breaking News

📰 मॉडल ग्राम भटपुरा रसूलपुर में संचारी रोगों से बचाव को लेकर विशेष अभियान, 56 गलियों में दवा का छिड़काव


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर। जनपद की मॉडल ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्वच्छता एवं दवा छिड़काव अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पूरे गांव की 56 गलियों में दवाई का स्प्रे कराया गया, जिससे बीमारियों के प्रसार को रोकने में मदद मिल सके।

ग्राम प्रधान अनिल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान की शुरुआत गांव की सभी नालियों की तली झाड़ सफाई से की गई। इसके बाद पूरे क्षेत्र में दवा का छिड़काव कराया गया। उन्होंने कहा कि विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि गांव में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

प्रधान ने बताया कि ग्राम में कुल 56 रास्ते हैं, जिनके किनारे नालियां और सिल्ट कैचर बनाए गए हैं, जिससे जल निकासी सुचारु बनी रहती है। वर्तमान में गांव में कहीं भी जलभराव की समस्या नहीं है।

उन्होंने बताया कि ग्राम में प्रतिदिन पांच सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई कार्य में लगे रहते हैं। बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था के चलते गांव में बीमारियों में भी काफी कमी आई है। साथ ही, ग्राम पंचायत में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत घर और चबूतरे को साफ रखने वाले लोगों को प्रतिवर्ष सम्मानित भी किया जाता है।

ग्रामवासियों श्रीकांत दीक्षित, लड्डन अली और यशपाल सिंह ने बताया कि गांव के सभी रास्ते रंगीन इंटरलॉकिंग से बने हैं, जिससे गांव की सुंदरता बढ़ी है और बाहर से आने वाले लोग इसकी सराहना करते हैं।

वहीं सूरज गुप्ता, रामपाल और सतीश ने बताया कि गांव में किसी भी शादी या बड़े कार्यक्रम के दौरान संबंधित मोहल्ले में विशेष सफाई और चूना डलवाया जाता है।

वेदपाल और अनुज मिश्रा ने बताया कि गांव में 57 हैंडपंप/नल हैं, जिनकी नियमित देखरेख होती है। खराब होने पर उन्हें तुरंत ठीक कराया जाता है। साथ ही, अब उपयोग में न आने वाले तीन कुओं को सेल्फी प्वाइंट में बदल दिया गया है, जिससे गांव की सुंदरता और आकर्षण बढ़ा है।

ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर में चलाया जा रहा यह अभियान स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रहा है।

Post a Comment

0 Comments