Breaking News

📰 अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत शाहजहाँपुर में चला व्यापक जागरूकता अभियान


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 16 अप्रैल 2026। जनपद में “अग्नि सुरक्षा सप्ताह” (14 अप्रैल से 20 अप्रैल) के अंतर्गत आज व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।

अभियान के तहत अग्निशमन विभाग की टीम ने अग्निशमन अधिकारी डॉ. बी.एन. पटेल के नेतृत्व में विभिन्न बहुमंजिला भवनों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों, स्टाफ एवं आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

टीम द्वारा अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों, प्राथमिक सुरक्षा उपायों तथा सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करने के तरीकों, अग्निशमन यंत्रों के सही एवं सुरक्षित उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले आवश्यक कदमों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।


अभियान के दौरान लोगों को सतर्क एवं जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें। इसके साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और सभी अग्निशमन उपकरणों को सदैव क्रियाशील स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन का मानना है कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से आमजन में सुरक्षा के प्रति समझ बढ़ेगी और भविष्य में अग्नि दुर्घटनाओं की घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments