रिपोर्टर: कल्लू उर्फ रजनीश
लखनऊ, 16 अप्रैल 2026। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र में चेन छिनैती की घटना का पुलिस ने मात्र 7 दिन में सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से दो घटनाओं से संबंधित चेन के टुकड़े एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त (मध्य) विक्रांत वीर, अपर पुलिस उपायुक्त जितेंद्र दुबे एवं सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राम बाबू सिंह के नेतृत्व में पुलिस व सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
घटना 9 अप्रैल 2026 की है, जब वादिनी श्रीमती नैला कुरील ऑटो रिक्शा से आलमबाग की ओर जा रही थीं। दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली और स्कूटी से फरार हो गया। घटना के दौरान चेन का आधा हिस्सा टूटकर पीड़िता के पास रह गया था। इस संबंध में थाना आलमबाग में मुकदमा संख्या 49/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की मदद से 16 अप्रैल को तड़के करीब 3:20 बजे टुनटुनिया फाटक के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद कैश (22 वर्ष) पुत्र कमरुद्दीन निवासी पटेल नगर, मनकापुर (गोंडा) हाल पता मुस्लिम टोला, गढ़ी कनौरा, थाना आलमबाग लखनऊ के रूप में हुई।
अभियुक्त के पास से घटना से संबंधित करीब 2 ग्राम पीली धातु की चेन का टुकड़ा, एक अन्य घटना (थाना नाका) से संबंधित 5 ग्राम चेन का टुकड़ा तथा घटना में प्रयुक्त नीली स्कूटी (UP32MA8641) बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त एक शातिर व अभ्यस्त अपराधी है, जो भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर चेन छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था और वारदात के बाद तुरंत वाहन से फरार हो जाता था। उसके खिलाफ पूर्व में भी थाना नाका में इसी तरह का मामला दर्ज है।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राम बाबू सिंह, उपनिरीक्षक धीरज यादव, सुनील कुमार मोतला, अभिनन्दन अग्रहरि, हेड कांस्टेबल रामकृष्ण, कांस्टेबल मनजीत देशवाल सहित सर्विलांस टीम के अभिनेन्द्र सिंह, आशीष मिश्रा, दुर्गेश सिंह, अखिलेश कुमार, बलवन्त कुमार एवं जितेश यादव शामिल रहे।
