रिपोर्टर: रिज़वान अली
लखनऊ, 16 अप्रैल 2026। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना पीजीआई पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की HERO मोटरसाइकिल (UP30U9866) भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को वादी इसरार अहमद पुत्र जहूर अहमद निवासी कैम्पबेल रोड, बालागंज ने थाना पीजीआई में तहरीर दी थी कि 5 अप्रैल को रायबरेली रोड स्थित उनकी दुकान “स्मार्ट मोबाइल” के बाहर खड़ी उनके मित्र की मोटरसाइकिल अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई। इस पर थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 188/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उतरेठिया पुल के नीचे घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम दुर्गेश रावत उर्फ बाबू (24 वर्ष) निवासी कटहरीबाग, नीलमथा, थाना कैण्ट, लखनऊ बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करता था। उसने करीब 10 दिन पहले उक्त बाइक चोरी की थी और उसे बेचने की फिराक में था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और हत्या से संबंधित गंभीर धाराएं शामिल हैं।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। लखनऊ पुलिस द्वारा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 पंकज नायक, उ0नि0 अर्पित सिंह, का0 संदीप यादव एवं का0 शैलेश कुमार शामिल रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments