शाहजहाँपुर, 16 अप्रैल।
प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन एवं भाषा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा जनपद के नोडल अधिकारी मनीष चौहान की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला विकास, राजस्व, कानून एवं शांति व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जनपद में कई प्रमुख योजनाओं में संतोषजनक प्रगति पाई गई। अतिरिक्त ऊर्जा एवं विकास क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद को ग्रेड ‘ए’ प्राप्त हुआ। अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (स्प्रिंकलर) में निर्धारित लक्ष्य पूर्ण कर लिए गए हैं।
विद्युत विभाग की समीक्षा में खराब ट्रांसफॉर्मरों के त्वरित निस्तारण एवं विद्युत आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक पाई गई, जिसमें जनपद को ग्रेड ‘ए’ प्राप्त हुआ। कृषि विभाग के अंतर्गत कृषि रक्षा डीबीटी, किसान सम्मान निधि एवं फसल बीमा योजनाओं में भी उत्कृष्ट प्रगति दर्ज की गई। पीएम कुसुम योजना के तहत सभी पात्र लाभार्थियों को सोलर पंप उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सड़क निर्माण कार्यों में लक्ष्य पूर्ण कर ग्रेड ‘ए’ प्राप्त किया गया, जबकि नई सड़कों के निर्माण में प्रगति ग्रेड ‘बी’ में पाई गई।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में मोबाइल मेडिकल यूनिट, ओपीडी एवं सीटी स्कैन सेवाएं उत्कृष्ट पाई गईं। दुग्ध विकास, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं जल जीवन मिशन ‘हर घर जल’ योजना में भी जनपद ने ग्रेड ‘ए’ प्राप्त किया।
आईसीडीएस पोषण अभियान एवं वृद्धावस्था पेंशन योजना में प्रगति ग्रेड ‘बी’ में पाई गई। कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत 34 हजार से अधिक आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना तथा सामूहिक विवाह योजना में भी जनपद का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा।
बैठक के अंत में नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उनमें तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि जनपद की रैंकिंग में और सुधार किया जा सके।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments