Breaking News

नारी शक्ति वंदन अधिनियम व स्वच्छता संवाद पर आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहांपुर, 17 अप्रैल 2026। 

जनपद के संप्रेषण गृह (पिपरौला), बाल गृह (बालक) एवं वन स्टॉप सेंटर में जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा की अध्यक्षता में नारी शक्ति वंदन अधिनियम एवं व्यक्तिगत स्वच्छता संवाद पर आधारित एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम (128वां संविधान संशोधन अधिनियम, 2023) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यह ऐतिहासिक कानून लोकसभा, राज्य विधानसभाओं एवं दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों का आरक्षण सुनिश्चित करता है, जिसका उद्देश्य राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना है।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं एवं पत्रकारों द्वारा भी अधिनियम के महत्व पर प्रकाश डाला गया और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया। अधिवक्ताओं द्वारा महिलाओं से संबंधित घरेलू हिंसा एवं अन्य समस्याओं के विषय में जानकारी साझा की गई।


महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अमृता दीक्षित ने विभाग द्वारा संचालित महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी तथा बच्चों से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की।

इसके साथ ही स्वच्छता संवाद के माध्यम से उपस्थित लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा खुले में कूड़ा न फेंकने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में कनिष्ठ सहायक प्रदीप गौतम, केंद्र प्रबंधक नमिता यादव, जेंडर स्पेशलिस्ट कीर्ति मिश्रा, रश्मि देवी, सुधीर कुमार सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।


Post a Comment

0 Comments