Breaking News

प्राथमिक विद्यालय सौफरी में ‘मदर ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ आयोजित, माताओं को दी गई बच्चों की शैक्षिक प्रगति की जानकारी


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहांपुर। प्राथमिक विद्यालय सौफरी में ‘मदर ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की माताओं को आमंत्रित कर बच्चों की शैक्षिक प्रगति से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में ‘वंडर बॉक्स’, खेल सामग्री एवं कक्षाओं में विकसित विभिन्न लर्निंग कॉर्नर्स का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से माताओं को बताया गया कि बच्चे किस प्रकार सरल, रोचक एवं गतिविधि-आधारित तरीकों से शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। साथ ही उन्हें यह भी समझाया गया कि घर पर खेल-खेल में बच्चों के लिए शैक्षिक वातावरण कैसे तैयार किया जा सकता है।

इस अवसर पर परी, नमन, सत्यम, प्रज्ञा, कार्तिक कनौजिया एवं आयुष की माताओं ने अपने बच्चों की प्रगति देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस पहल के लिए विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों की शिक्षा में सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।


कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए इंचार्ज प्रधानाध्यापिका द्वारा एक गतिविधि कराई गई, जिसमें ‘म्यूजिक बंद होते ही जिसके हाथ में गेंद होगी, उसे अपनी मातृभाषा में लोकगीत सुनाना होगा।’ इस गतिविधि के माध्यम से माताओं को यह संदेश दिया गया कि वे घर पर भी इसी प्रकार खेल-खेल में बच्चों को गिनती, आकार एवं पैटर्न जैसे विषय सहज रूप से सिखा सकती हैं।

माताओं ने उत्साहपूर्वक इस गतिविधि में भाग लिया और इसे आनंददायक बताया। उन्होंने कहा कि दैनिक व्यस्तताओं के बीच इस प्रकार के कार्यक्रम उन्हें नया सीखने और बच्चों के साथ जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम माताओं की सक्रिय सहभागिता, उत्साह और सकारात्मक सहयोग के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


Post a Comment

0 Comments