ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा
लखनऊ, 19 अप्रैल 2026।
सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र के वृंदावन, लखनऊ में परशुराम जयंती के पावन अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उपस्थित जनसमूह को अक्षय तृतीया की शुभकामनाएं देते हुए भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम को नमन किया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम तप, त्याग और तेज के प्रतीक हैं तथा उनका जीवन समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम चरित्र, ज्ञान और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में समाज की एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर विशेष बल देते हुए डॉ. सिंह ने आयोजन की सराहना की और ₹10 लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से इस आयोजन को और विस्तृत रूप में “परशुराम महोत्सव” के रूप में मनाया जाएगा। इस घोषणा से उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया।
उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन यह संदेश देता है कि विजय केवल शस्त्रबल से नहीं, बल्कि ज्ञान, संयम और विवेक से प्राप्त होती है। कार्यक्रम में भगवान परशुराम और उनके शिष्य कर्ण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए गुरु-भक्ति, सत्य और समर्पण के महत्व को रेखांकित किया गया। यह भी बताया गया कि असत्य और छल अंततः पराजय की ओर ले जाते हैं, जबकि सत्य और निष्ठा ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
डॉ. सिंह ने वर्तमान समय में बढ़ती स्वार्थ प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे समय में भगवान परशुराम के आदर्श और अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उन्होंने राष्ट्र, समाज और धर्म को सर्वोपरि बताते हुए अन्याय और अधर्म के विरुद्ध खड़े होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने भगवान परशुराम के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
सनातन संस्कृति के संरक्षण हेतु प्रयास
डॉ. सिंह ने बताया कि क्षेत्र में सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्रसार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 56 ‘रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा’ के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए गए। साथ ही 41 सिख श्रद्धालुओं को अमृतसर से करतारपुर साहिब (पाकिस्तान) दर्शन हेतु भेजा गया, जो धार्मिक समरसता का उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 220 से अधिक मंदिरों में सुविधाओं का विस्तार और सौंदर्यीकरण कराया गया है। गुरुकुल परंपरा को सशक्त बनाने के लिए गुरुकुल पहाड़पुर और गुरुकुल हरौनी में मूलभूत सुविधाओं का विकास कराया गया है।
धार्मिक स्थलों के विकास के लिए दी गई सहायता का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्राचीन रेतेश्वर महादेव मंदिर हेतु ₹5.30 करोड़, झाड़ेश्वर महादेव मंदिर हेतु ₹1.05 करोड़, श्री महादेव शिव साईं नाथ शिवधाम हेतु ₹98 लाख तथा कबीर पंथी दाता साईं संत आश्रम एवं खालसा स्थल हेतु ₹1 करोड़ की धनराशि प्रदान की गई है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
कार्यक्रम में अनंत कुमार मिश्रा (अंटू), शिव शंकर अवस्थी, रामेश्वर सिंह, प्रमोद शर्मा, प्यारे मोहन चौबे, ए.पी. मिश्रा, प्रणव अग्निहोत्री, शिव प्रकाश मिश्रा, गणेश चंद्र जोशी, डॉ. श्रयाकांत त्रिपाठी, राजन मिश्रा (मंडल अध्यक्ष), विनोद मौर्य (मंडल अध्यक्ष), किशोर मिश्रा, पी.के. मिश्रा, राज कुमार शुक्ला, कर्नल दया शंकर दुबे, रजनी अवस्थी (पार्षद), संजीव अवस्थी, के.एन. सिंह (पार्षद), प्रकाश तिवारी, डॉ. रीना उपाध्याय, राजेश चौधरी (नगर मंत्री), दिनेश पांडेय, अनिल कुमार दुबे, विनोद कुमार दुबे, के.के. शुक्ला, प्रदीप चतुर्वेदी, अजय तिवारी, राजेश्वरी त्रिपाठी एवं विजय अग्निहोत्री (भजन गायक) सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

