जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️
लखनऊ। लखनऊ में पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौतमपल्ली थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई कथित वसूली प्रकरण सामने आने के बाद की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौतमपल्ली थाना क्षेत्र में तैनात SHO रत्नेश कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर एक व्यक्ति से करीब ढाई लाख रुपये की वसूली का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने लाया गया था, जहां उससे कथित रूप से यह रकम वसूली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर द्वारा तत्काल जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर शुक्रवार को SHO को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही अन्य संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
कार्रवाई के बाद अब गौतमपल्ली थाने की जिम्मेदारी विपिन सिंह को सौंपी गई है।
गौरतलब है कि गौतमपल्ली थाना वीआईपी क्षेत्र में आता है, जहां मुख्यमंत्री आवास सहित कई महत्वपूर्ण स्थान स्थित हैं। ऐसे में इस प्रकार का मामला सामने आने से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments