Breaking News

राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर रेडक्रॉस ने आयोजित की संगोष्ठी


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहांपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृ स्वास्थ्य, सुरक्षित प्रसव एवं महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आशा प्रशिक्षक डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि सुरक्षित मातृत्व दिवस का उद्देश्य मातृ मृत्यु दर को कम करना और प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से प्रसव के दौरान आपातकालीन रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है, जिससे जच्चा-बच्चा की जान बचाई जा सके।

उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं को पोषण, स्वच्छता, नियमित जांच और सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूक किया जाता है। साथ ही स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की जांच, हाई-रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान और समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

डॉ. जौहरी ने प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को प्रभावी रूप से कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस का लक्ष्य है कि हर मां स्वस्थ रहे और सुरक्षित तरीके से बच्चे को जन्म दे सके।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने में सहयोग की शपथ दिलाई गई।

संगोष्ठी में बालकृष्ण पाण्डेय, ब्रजेश गुप्ता, रवि कुमार, मीनू मिश्रा, अनुज जौहरी, अग्रज जौहरी, अवनीश सक्सेना सहित रेडक्रॉस के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments