Breaking News

दहेज हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, पुवायाँ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 26 अप्रैल।

 पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशानुसार जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पुवायाँ पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने दहेज हत्या के मुकदमे में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना पुवायाँ पर दिनांक 25 अप्रैल 2026 को वादिनी द्वारा लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि उसकी पुत्री से अतिरिक्त दहेज के रूप में एक सोने की चेन और एक मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ लगातार उत्पीड़न किया गया तथा विष देकर जान से मारने का प्रयास किया गया।

इस संबंध में थाना पुवायाँ पर मु0अ0सं0 244/2026 धारा 85/80(2) बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मुकदमे में अभियुक्त मोहित (पति), सुरेश (ससुर) और जयदेवी (सास) निवासी ग्राम चौसेड़ा, थाना पुवायाँ, जनपद शाहजहाँपुर को नामजद किया गया था।

प्रकरण की विवेचना क्षेत्राधिकारी पुवायाँ द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 91 बीएनएस की भी वृद्धि की गई।

इसी क्रम में दिनांक 26 अप्रैल 2026 को थाना पुवायाँ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त अनुज उर्फ मोहित पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम चौसेड़ा, थाना पुवायाँ, उम्र करीब 26 वर्ष को मोहम्मदी रोड हाईवे पुल के पास से समय करीब 12:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव कुमार एवं कांस्टेबल अक्षय कुमार शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में महिला अपराधों और दहेज उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments